बाड़मेर।
जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इससे एक पक्ष की बुजुर्ग महिला सहित 3 घायल हो गए। सबका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। घटना बाड़मेर जिले के सदर थाना इलाके सरणू चिमनजी गांव बुधवार की है। पुलिस ने हॉस्पिटल पहुंचकर घायलों के बयान लिए हैं। वहीं पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। एक पक्ष ने सरपंच परिवार के लोगों पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है। घायल रेखाराम ने बताया कि मेरी जमीन गांव पोटलियासर में जमीन की पत्थर बंदी की हुई थी। हम लोग ने भाईचारे से भी समझाइश की। लेकिन उसके बाद भी वो माने नहीं। आज हमारे परिवार डेथ हो रखी थी। हम लोग वहां पर गए हुए थे। पीछे जेसीबी, ट्रैक्टर और 10-20 आदमी लेकर आए और खेत की सीमा पर चीण, पत्थर खड़ी करने लगे। नभजी और हिंदू सिंह के साथ 10-20 लोग साथ में थे। बुजुर्ग मां और महिलाओं पर लाठी-डंडे मारने लगे। तब हम लोग आए। तब मेरे को भी लाठी-डंडे मार दिए। बचाने आई भाभी के चोटें आई हैं। रेखाराम का आरोप है कि चीणें लगी हुई थी, तोड़कर ले गए। पुलिस को शिकायत की लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। आए और देखकर चले गए। सरपंच इंद्र सिंह पर भी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। सदर थाने के एसआई ओमप्रकाश मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचकर पीड़ित के बयान लिए हैं। वहीं पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।